Skip to main content

मेरे पापा मेरे हीरो

बचपन से ही सुनता आ रहा हूँ कि मेरी ज्यादातर आदतें पापा पर गयी हैं कम बोलना, गंभीर रहना, सहनशीलता, सरल और संकोची स्वभाव ये सब मुझे पापा से विरासत में मिला है। मेरी नजरों में तो अब मैं बड़ा हो चुका हूँ लेकिन पापा की नजरों में आज भी बच्चा ही हूँ। आज भी घर से निकलूं और समय पर घर ना पहुँचू तो सबसे ज्यादा चिन्ता पापा को ही होती है। बार-बार खिड़की से झांककर सड़क की तरफ देखना और जब मैं ना दिखूं तो बार-बार फोन करना, शायद पापा को पता ही नहीं कि उनका बेटा अपनी एक चौथाई उम्र जी चुका है, शायद उनकी नजर में मैं वही हूँ जो बचपन में हुआ करता था।

मेरा मानना है कि साहित्यकारों ने पिता को हमेशा से उपेक्षित रखा है। हिंदी और उर्दू के महान लेखकों, कवियों व शायरों ने माँ को तो वो स्थान तो दिया जिसकी वो हकदार थीं लेकिन पिता को उनका हक देने में वो असफल रहे। माँ के लिए लिखने वाले, माँ के लिए कहने वाले तो मुनव्वर राना जैसे सैकड़ो हैं लेकिन पिता के लिए लिखने वाला, पिता के लिए कहने वाला दूर-दूर तक कोई नहीं दिखता। आखिर पिता के साथ ये भेदभाव क्यों, ये कठोरता क्यों, ये निर्ममता क्यों? पिता वो है जो अपने बेटे के लिए अपनी जिंदगी, अपनी ख़्वाहिशें, अपने सपने कुर्बान कर सकता है और यकीनन करता भी है।

मेरे पापा ने बचपन से लेकर आज तक मेरी हर एक इच्छा पूरी की उन्होंने मुझे वो भी दिया जो वो नहीं दे सकते थे। बचपन में मैं उन्हें ठीक से समझ नहीं पाता था वो बहुत रूखे हुआ करते थे माँ कहती भी थीं कि इन्हें अपना प्यार जताने नहीं आता लेकिन जबसे मैं उनसे दूर हो गया उन्होंने ये हुनर भी सीख लिया। वो पापा जिनको मैं बेहद कठोर समझा करता था अचानक से बहुत नरमदिल हो गये। अब वो फोन पर खुल कर बातें करते हैं, खुद भी हंसते हैं और मुझे भी हंसाते हैं, सामने बैठ कर घंटों तक मुझसे भारतीय राजनीति पर चर्चा करते रहते हैं और मैं भी कुरेद-कुरेद कर ज्ञान के वो मोती उनसे लेने का प्रयास करता हूँ जो मुझे कहीं और नहीं मिल सकते। पापा सभी विषयों के जानकार हैं खासकर राजनीतिशास्त्र पर आज भी उनकी गजब की पकड़ है कॉलेज के दिनों में वो कई जिला-स्तरीय और प्रदेश-स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भाग लेते थे और उनमें अव्वल आते थे उनके सहपाठी बताते हैं कि उनके सभी विषय उस समय उन्हें कंठस्थ हुआ करते थे। कभी-कभी जब उन्हें मुझे हराने का मन करता है तो राजनीतिशास्त्र के वो ऐसे ऐसे गोले दागते हैं जिनसे मैं बच नहीं पाता उन्हें वो सबकुछ आज भी याद है जो उन्होंने कई दशक पहले पढ़ा था।

पापा उस मुकाम तक नहीं पहुँच सके जहाँ उन्हें होना चाहिए था इसलिए अब वो मुझमें खुद को देखते हैं। वो चाहते हैं कि उनका बेटा वो करे जिसका सपना उन्होंने कभी देखा था अब उनके सारे अधूरे सपने पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। पापा, आप यकीन रखिए आपका बेटा वो सपने जरूर पूरा करेगा जो आप अक्सर देखते हैं। यकीन रखिए एक दिन आपको अपने इस बेटे पर बहुत फक्र होगा।



Comments

Popular posts from this blog

काश मैं कुत्ता होता

आज बिरजू रोज की अपेक्षा सुबह जल्दी उठ गया था। जल्दी जल्दी गईयों की सानी-पानी करके नित्यक्रिया से निवृत्त होकर वह कमला से बोला, "मेरा कुर्ता, धोती और गमछा संदूक में से निकाल कर रख दो। मैं बस दस मिनट में नहा कर आ रहा हूँ और हाँ सुनो कुछ कलेवा करने के लिए भी जल्दी से तैयार कर देना।" जल्दी जल्दी बाल्टी और लोटा लेकर बिरजू पास के हैंडपंप पर चल पड़ा जिसका प्रयोग सारे मुहल्ले के लोग करते थे। चूँकि आज बिरजू बहुत सुबह आ गया था इसलिए वहाँ ज्यादा भीड़ नहीं थी वरना रोज तो नहाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था उस पर भी पीछे से लोग चिल्लाते रहते थे जिसके कारण नहाना भी सही से नहीं होता था। आज का दिन अच्छा था हैंडपंप के आस पास बस दो-तीन लोग दातुन कर रहे थे और एक-दो लोग शौचादि के पश्चात हाथ पैर धो रहे थे। बिरजू ने जल्दी जल्दी बाल्टी भरी और कुर्ता खोलकर उसकी जेब से साबुन निकाला। जब भी किसी रिश्तेदारी में या किसी विशेष कार्यक्रम में जाना होता तो वह अपने आप को खूब सँवारने की कोशिश करता। साबुन लगा-लगाकर अपने शरीर को चमकाने का प्रयास करता और अपनी फटी एड़ियों को रगड़-रगड़कर चिकना बनाने का...

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद - एक गौरवशाली इतिहास

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद  अपने आप में एक भव्य व गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है। इसे गाज़ीपुर के सबसे प्राचीनतम और प्रतिष्ठित विद्यालयों में से एक माना जाता है। आसपास के क्षेत्रों में यह विद्यालय बड़का स्कूल के नाम से भी मशहूर है। यह विद्यालय अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूरा कर चुका है 9 जुलाई, 1937 को इस विद्या मन्दिर की शुरूआत हुई थी। इस विद्यालय की स्थापना शेरपुर निवासी चौधरी हरिनारायण राय ने की थी। प्रारम्भ में विद्यालय आर्य समाज मन्दिर में मिडिल स्कूल के रूप में चलता था बाद में छात्रों की संख्या बढ़ने पर इसे तहसील स्थित गिल पब्लिक लाइब्रेरी में स्थानांतरित किया गया तत्पश्चात इसे सन 1944 में अंग्रेजी मिडिल, 1949 में हाई स्कूल तथा 1950 में इण्टरमीडिएट स्कूल की मान्यता प्राप्त हो गयी। बाद में 1958 में यह विद्यालय अपने नवनिर्मित भवन में स्थानान्तरित होकर आ गया। इस विद्यालय से निकलकर न जाने कितने डॉक्टर, इंजीनियर, राजनेता, शिक्षक आदि विभिन्न क्षेत्रों में लोग देश की सेवा कर रहे हैं। यहाँ तक कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति मो० हामिद अंसारी भी इंटर कालेज के छात्र रह चुके हैं जो कि गौरव की ...

ब्रह्मेश्वर मुखिया : एक अनकही दास्ताँ

ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ बरमेसर मुखिया बिहार या यूँ कहें भारतवर्ष के किसान नेताओं की सूची में सर्वोपरि नाम है। श्री बरमेसर मुखिया बिहार के भोजपुर जिले के खोपिरा गाँव के निवासी थे। 90 के दशक में बिहार में नक्सलियों का आतंक बहुत बढ़ गया था। लगभग पाँच हजार बीघा जमीन नक्सलियों के कारण परती पड़ी रहती थी। क्रूर नक्सली, मजदूरों और किसानों को बलपूर्वक खेतों में काम करने से रोक देते थे इसके अलावा किसानों की फसलें भी लूट ली जाती थीं और उन्हें आग के हवाले कर दिया जाता था तथा नक्सली किसानों के शादी-विवाह जैसे समारोहों में भी बाधा डालते थे। जब नक्सलियों का आतंक चरम पर पहुँच गया तब जमींदारों ने मातृभूमि की रक्षा करने के लिए बरमेसर मुखिया के नेतृत्व में भोजपुर के ही बेलउर गाँव में सितम्बर 1994 में एकजुट होकर रणबीर सेना नामक संगठन का का निर्माण किया। रणबीर सेना का मुख्य उद्देश्य नक्सलियों का खात्मा करना था। रणबीर सेना के लोगों ने गाँव-गाँव जाकर किसानों को नक्सलियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। इस कार्य में मुखिया जी के प्रमुख सहयोगी प्रो. देवेन्द्र सिंह, मुखिया अवधेश कुमार सिंह...