Skip to main content

शायद

अक्सर रातों को मुझे नींद नहीं आती, अक्सर यूँ ही मैं गुमसुम हो जाता हूँ, अक्सर बैठे-बैठे अचानक किसी के खयालों में खो जाता हूँ, अक्सर अकेले में फूट-फूटकर रो पड़ता हूँ, अक्सर गंगा-यमुना के किनारों पर बैठकर उसकी लहरों को खुद के अंदर महसूस करता हूँ क्योंकि ठीक वैसी ही लहरें मेरे अंदर भी शोर मचा रही हैं, अक्सर ये दुनिया वीरान सी लगती है, अक्सर मैं व्यथित हो जाता हूँ कभी खुद को देखकर, कभी गंगा के गोद में बसे मेरे उस छोटे से गाँव को देखकर तो कभी उस शहर को देखकर, जिसमें फुटपाथ पर सोये लोगों को रात के अंधेरों में गाड़ियों से कुचल दिया जाता है और फिर अक्सर रातों को मुझे नींद नहीं आती!

शायद जो मैं हूँ, वो मैं हूँ ही नहीं और शायद जो मैं हूँ वो कोई देख नहीं सकता, कोई समझ नहीं सकता क्योंकि शायद एक हद के बाद मैंने खुद के करीब किसी को आने ही नहीं दिया यहाँ तक कि खुद को भी नहीं क्योंकि मेरे दिल के दरवाजों पर एक बड़ा सा काला ताला लगा है और जिसकी चाबी शायद मैंने कहीं खो दी है उस चाबी को मैं रोज़ ढूंढता हूँ लेकिन वो मुझे कहीं नहीं मिलती क्योंकि शायद किसी शख़्स ने चुराकर उसे अपने पास रख लिया है और शायद वो शख़्स चाहता ही नहीं कि वो बड़ा सा काला ताला कभी खुल पाये शायद उस ताले की एक दूसरी चाबी भी होगी जिसे मैंने घर के किसी ताखे में संभाल कर रखा होगा शायद कोई चाबी किसी दिन मिल जाय और अरसो से बंद पड़ा वो ताला खुल जाय लेकिन अगर चाबी न भी मिले तो क्या फर्क पड़ता है शायद कुछ नहीं क्योंकि शहर में ताले तोड़ने वालों की कोई कमी नहीं!

शायद मैं कुछ नहीं हूँ, बस हूँ तो एक अंधकार जिसका अंत आज तक किसी को नहीं मिला इस अंधकार में जो भी आता है वो भी अंधकार ही बनकर रह जाता है या शायद मैं समंदर हूँ, जो अपनी गहराई में असंख्य राज समेटे बह रहा है, जो रास्ते में आने वाली हर चीज को खुद में मिला लेता है या फिर शायद मैं शून्य हूँ जो होने को तो कुछ भी नहीं होता लेकिन शायद सारी गणित इसके इर्द-गिर्द घूमती है शायद शून्य की अहमियत को कोई नहीं समझता या शायद समझने की काबिलियत नहीं रखता लेकिन सैकड़ों सालों में एक बार किसी का जन्म होता है, जो सिद्ध कर देता है कि ये पूरी सृष्टि शून्य पर ही आधारित है और फिर वही, कि शायद जो मैं हूँ, वो मैं हूँ ही नहीं और शायद जो मैं हूँ वो कोई देख नहीं सकता, कोई समझ नहीं सकता!


Comments

Popular posts from this blog

काश मैं कुत्ता होता

आज बिरजू रोज की अपेक्षा सुबह जल्दी उठ गया था। जल्दी जल्दी गईयों की सानी-पानी करके नित्यक्रिया से निवृत्त होकर वह कमला से बोला, "मेरा कुर्ता, धोती और गमछा संदूक में से निकाल कर रख दो। मैं बस दस मिनट में नहा कर आ रहा हूँ और हाँ सुनो कुछ कलेवा करने के लिए भी जल्दी से तैयार कर देना।" जल्दी जल्दी बाल्टी और लोटा लेकर बिरजू पास के हैंडपंप पर चल पड़ा जिसका प्रयोग सारे मुहल्ले के लोग करते थे। चूँकि आज बिरजू बहुत सुबह आ गया था इसलिए वहाँ ज्यादा भीड़ नहीं थी वरना रोज तो नहाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था उस पर भी पीछे से लोग चिल्लाते रहते थे जिसके कारण नहाना भी सही से नहीं होता था। आज का दिन अच्छा था हैंडपंप के आस पास बस दो-तीन लोग दातुन कर रहे थे और एक-दो लोग शौचादि के पश्चात हाथ पैर धो रहे थे। बिरजू ने जल्दी जल्दी बाल्टी भरी और कुर्ता खोलकर उसकी जेब से साबुन निकाला। जब भी किसी रिश्तेदारी में या किसी विशेष कार्यक्रम में जाना होता तो वह अपने आप को खूब सँवारने की कोशिश करता। साबुन लगा-लगाकर अपने शरीर को चमकाने का प्रयास करता और अपनी फटी एड़ियों को रगड़-रगड़कर चिकना बनाने का...

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद - एक गौरवशाली इतिहास

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद  अपने आप में एक भव्य व गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है। इसे गाज़ीपुर के सबसे प्राचीनतम और प्रतिष्ठित विद्यालयों में से एक माना जाता है। आसपास के क्षेत्रों में यह विद्यालय बड़का स्कूल के नाम से भी मशहूर है। यह विद्यालय अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूरा कर चुका है 9 जुलाई, 1937 को इस विद्या मन्दिर की शुरूआत हुई थी। इस विद्यालय की स्थापना शेरपुर निवासी चौधरी हरिनारायण राय ने की थी। प्रारम्भ में विद्यालय आर्य समाज मन्दिर में मिडिल स्कूल के रूप में चलता था बाद में छात्रों की संख्या बढ़ने पर इसे तहसील स्थित गिल पब्लिक लाइब्रेरी में स्थानांतरित किया गया तत्पश्चात इसे सन 1944 में अंग्रेजी मिडिल, 1949 में हाई स्कूल तथा 1950 में इण्टरमीडिएट स्कूल की मान्यता प्राप्त हो गयी। बाद में 1958 में यह विद्यालय अपने नवनिर्मित भवन में स्थानान्तरित होकर आ गया। इस विद्यालय से निकलकर न जाने कितने डॉक्टर, इंजीनियर, राजनेता, शिक्षक आदि विभिन्न क्षेत्रों में लोग देश की सेवा कर रहे हैं। यहाँ तक कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति मो० हामिद अंसारी भी इंटर कालेज के छात्र रह चुके हैं जो कि गौरव की ...

ब्रह्मेश्वर मुखिया : एक अनकही दास्ताँ

ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ बरमेसर मुखिया बिहार या यूँ कहें भारतवर्ष के किसान नेताओं की सूची में सर्वोपरि नाम है। श्री बरमेसर मुखिया बिहार के भोजपुर जिले के खोपिरा गाँव के निवासी थे। 90 के दशक में बिहार में नक्सलियों का आतंक बहुत बढ़ गया था। लगभग पाँच हजार बीघा जमीन नक्सलियों के कारण परती पड़ी रहती थी। क्रूर नक्सली, मजदूरों और किसानों को बलपूर्वक खेतों में काम करने से रोक देते थे इसके अलावा किसानों की फसलें भी लूट ली जाती थीं और उन्हें आग के हवाले कर दिया जाता था तथा नक्सली किसानों के शादी-विवाह जैसे समारोहों में भी बाधा डालते थे। जब नक्सलियों का आतंक चरम पर पहुँच गया तब जमींदारों ने मातृभूमि की रक्षा करने के लिए बरमेसर मुखिया के नेतृत्व में भोजपुर के ही बेलउर गाँव में सितम्बर 1994 में एकजुट होकर रणबीर सेना नामक संगठन का का निर्माण किया। रणबीर सेना का मुख्य उद्देश्य नक्सलियों का खात्मा करना था। रणबीर सेना के लोगों ने गाँव-गाँव जाकर किसानों को नक्सलियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। इस कार्य में मुखिया जी के प्रमुख सहयोगी प्रो. देवेन्द्र सिंह, मुखिया अवधेश कुमार सिंह...