Skip to main content

और कहानी अधूरी रह गयी

वो मार्च महीने का एक ख़ुशनुमा दिन था। मौसम बिल्कुल साफ था आकाश में बादल नहीं थे। सूरज साफ उगा था लेकिन माहौल न गरम था न ठंडा था। फ़िजाँ में एक अजीब सा सूनापन, एक ख़ामोशी और एक उबासी महसूस की जा सकती थी लेकिन मेरे लिए यह दिन बाकी दिनों की तुलना में बहुत खास था क्योंकि आज वो मुझसे मिलने वाली थी। क्लास में, सड़कों पर या बस में हम अक़्सर मिला करते थे लेकिन आज वो खास मेरे लिए ही आ रही थी। मैं बहुत खुश था लेकिन मैं थोड़ा डरा हुआ था, थोड़ा सहमा हुआ था। ऐसे मामलों में कैसे पेश आते हैं, क्या बोला जाता है, क्या किया जाता है इसका मुझे तनिक भी इल्म नहीं था। वो पहली लड़की थी जिससे मैं अकेले में ऐसे मिल रहा था।

हम दोनों कुछ दिनों, कुछ महीनों के लिए अपने अपने घर जा रहे थे मैं हमेशा उसे मिलने के लिए बुलाता रहता लेकिन वो मना कर देती पता नहीं क्या सोचकर आज वो मुझसे मिलने आ रही थी शायद उसके मन में बहुत कुछ चल रहा था जिसका मैं अंदाजा नहीं लगा सकता था। वो बेहद गंभीर लड़की थी कम बोलना, कम हँसना और अपने काम से ही मतलब रखना उसकी आदत थी वो बिल्कुल मेरी तरह थी हम दोनों का स्वभाव एक सा था। तब मैं और भी मासूम हुआ करता था चालाकी और दुनियादारी से मेरी कभी नहीं बनी बेहद साधारण कपड़े पहनना, साधारण बाल रखना और खुद को साधारण दिखाना ही मेरी आदत हुआ करती थी बेहद सादगी और बिना किसी कपट के मैं किसी से मिलता था शायद ये आदतें उसके अंदर भी थीं। अक़्सर मैं देखता क्लास में एक-दो लड़कियों को छोड़कर वह किसी से ज्यादा बात भी नहीं करती थी। मैं उसे पूरी तरह समझ चुका था लेकिन वो मुझे कभी नहीं समझ पायी शायद आज तक वो मुझे समझ नहीं पायी। मिलने का समय तीन बजे मुकर्रर हुआ था लेकिन मैं ठीक 2:30 बजे ही चौराहे पर उसे लेने पहुँच गया ठीक तीन बजे वो आ गयी शायद मेरी तरह वो भी समय की पाबंद थी। उस समय वो बेहद ख़ूबसूरत दिख रही थी ऐसे लगा जैसे मेरे लिए आज चाँद धरती पर उतर आया हो मैं अपलक उसे देखता ही रह गया। हमारे बीच में तय हुआ था कि हम पार्क में चलेंगे लेकिन पता नहीं क्यों उसने उस समय अपना इरादा बदल लिया। उसकी रज़ा में ही मेरी रज़ा थी तो हम मंदिर की तरफ चल पड़े। मैं रास्ते में सोच रहा था कि मुझे बात क्या करनी है लेकिन उसे सामने देखकर मुझे कुछ सूझ ही नहीं रहा था। मैं उससे बहुत डरता था आज भी मैं उससे बहुत डरता हूँ। ये सोचकर कि उसे बुरा लग जायेगा, मैं चाहते हुए भी उसे निहार नहीं पा रहा था उसके डर से मैंने ये भी नहीं कहा कि तुम आज ख़ूबसूरत लग रही हो। बात की शुरूआत उसने ही की और बातों का सिलसिला चल पड़ा कुछ खास नहीं बस रोजमर्रा की जिंदगी के बारे में बात करते करते मंदिर आ गया। दर्शन करने के बाद हम बाहर आये और चल पड़े। सब कुछ सामान्य चल रहा था लेकिन मैं अंदर ही अंदर कुछ घबराया सा था। वो रास्ते में कई बार मुस्कुराई थी वो गैरों के साथ गम्भीर रहती थी लेकिन अपनों के साथ वो बहुत मिलनसार थी उसकी ये आदत भी मेरी तरह ही थी शायद उसने मुझे कुछ हद तक अपना मान लिया था शायद वो अब मुझे कुछ कुछ समझ रही थी शायद कुछ समय में वो मुझे समझ भी जाती लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उसने अंत में हास्टल की तरफ मुड़ते समय जो कहा वो एक एक लफ़्ज़ आज भी मुझे याद है। उसने कहा, "इस मुलाकात का कुछ और मतलब मत निकालना ये हमारी पहली और आखिरी मुलाकात थी।" वो ऐसी कठोर बातें अक़्सर किया करती थी लेकिन हर बार मजाक समझकर मैं उसे टाल जाता था वो जानती थी कि हमारे रिश्ते का क्या अंजाम होने वाला है लेकिन मैं इससे बेख़बर था।

मैं सोचता था कि जो मेरे दिल में चल रहा है वो उसके भी दिल में चल रहा होगा लेकिन ये मेरा एक झूठा सपना था एक ऐसा सपना, जो कभी हक़ीकत की शक़्ल नहीं ले पाता। वो चली गयी मैं उसे देखता रह गया मैं डर के मारे उससे ये भी न कह सका कि हाथ मिलाकर जाओ। मन में हजारों अनिश्चितताएँ, हजारों सपने लिए मैं भी हास्टल आ गया। अगली सुबह मैं अपने घर आ गया और वो अपने घर चली गयी। उसकी कही एक एक बात सच हुई वो मुलाकात हमारी आख़िरी मुलाकात साबित हुई। वापस जब मैं श़हर आया तो वो नहीं आयी थी मैंने इंतजार किया कि वो आयेगी फिर से हम क्लास में मिलेंगे फिर से हम सड़कों पर साथ चलेंगे फिर से हम पूरे दिन चैटिंग करेंगे लेकिन वो नहीं आयी उसने कहा कि वो अब कभी नहीं आयेगी उसने कहा कि वो अब किसी और की अमानत है उसने कहा कि वो परायी हो गयी उसने कहा कि...!

मैं टूट सा गया ऐसा लगा कि एक पल में मेरी दुनिया उजड़ गयी। मैं आख़िर तक उसके आने की उम्मीद लगाये बैठा रहा लेकिन वो नहीं आयी वो पूरी तरह गैर हो चुकी थी हाँलाकि कि हमारे बीच कुछ नहीं था, यहाँ तक कि मैंने कभी उसका हाथ भी नहीं छुआ था लेकिन मेरे दिल में बहुत कुछ चल रहा था। मैं दिल को समझाता रहा लेकिन वो भी उसकी तरह जिद्दी निकला। अब वो मुझसे नहीं मिलती बात भी नहीं करती लेकिन मेरे दिल में कुछ है, कुछ ऐसा जिसे शब्दों में नहीं बयाँ किया जा सकता जिसे दिखाया नहीं जा सकता बस महसूस किया जा सकता है। वो पत्थर है लेकिन मैं उसका इंतजार करता हूँ हर अनजान नंबर से आये कॉल को उसकी कॉल समझता हूँ हर मैसेज को उसका ही मैसेज समझता हूँ लेकिन मुझे इस बात का अंदाजा है कि वो कितनी गम्भीर है। मैं जानता हूँ कि वो कभी कॉल नहीं करेगी, कभी कोई मैसेज नहीं करेगी लेकिन फिर भी मैं उसका इंतजार करता हूँ, उसके कॉल का इंतजार करता हूँ, उसके मैसेज का इंतजार करता हूँ जिस चौराहे पर एक दिन वो मुझे छोड़कर गयी थी उसी चौराहे पर उसकी बाट खोजता हूँ मैं जानता हूँ कि उसका आना नामुमकिन सा है लेकिन मेरे दिल ने मेरी कभी नहीं मानी वो आज भी मेरी नहीं मानता क्योंकि वो भी उसकी तरह ही बहुत जिद्दी है। जिंदगी के किसी मोड़ पर जाकर जब मैं पीछे देखूँगा तो बस वही शख़्श है जो मुझे सबसे ज्यादा याद आयेगा बस वही...!


Comments

Popular posts from this blog

काश मैं कुत्ता होता

आज बिरजू रोज की अपेक्षा सुबह जल्दी उठ गया था। जल्दी जल्दी गईयों की सानी-पानी करके नित्यक्रिया से निवृत्त होकर वह कमला से बोला, "मेरा कुर्ता, धोती और गमछा संदूक में से निकाल कर रख दो। मैं बस दस मिनट में नहा कर आ रहा हूँ और हाँ सुनो कुछ कलेवा करने के लिए भी जल्दी से तैयार कर देना।" जल्दी जल्दी बाल्टी और लोटा लेकर बिरजू पास के हैंडपंप पर चल पड़ा जिसका प्रयोग सारे मुहल्ले के लोग करते थे। चूँकि आज बिरजू बहुत सुबह आ गया था इसलिए वहाँ ज्यादा भीड़ नहीं थी वरना रोज तो नहाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था उस पर भी पीछे से लोग चिल्लाते रहते थे जिसके कारण नहाना भी सही से नहीं होता था। आज का दिन अच्छा था हैंडपंप के आस पास बस दो-तीन लोग दातुन कर रहे थे और एक-दो लोग शौचादि के पश्चात हाथ पैर धो रहे थे। बिरजू ने जल्दी जल्दी बाल्टी भरी और कुर्ता खोलकर उसकी जेब से साबुन निकाला। जब भी किसी रिश्तेदारी में या किसी विशेष कार्यक्रम में जाना होता तो वह अपने आप को खूब सँवारने की कोशिश करता। साबुन लगा-लगाकर अपने शरीर को चमकाने का प्रयास करता और अपनी फटी एड़ियों को रगड़-रगड़कर चिकना बनाने का...

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद - एक गौरवशाली इतिहास

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद  अपने आप में एक भव्य व गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है। इसे गाज़ीपुर के सबसे प्राचीनतम और प्रतिष्ठित विद्यालयों में से एक माना जाता है। आसपास के क्षेत्रों में यह विद्यालय बड़का स्कूल के नाम से भी मशहूर है। यह विद्यालय अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूरा कर चुका है 9 जुलाई, 1937 को इस विद्या मन्दिर की शुरूआत हुई थी। इस विद्यालय की स्थापना शेरपुर निवासी चौधरी हरिनारायण राय ने की थी। प्रारम्भ में विद्यालय आर्य समाज मन्दिर में मिडिल स्कूल के रूप में चलता था बाद में छात्रों की संख्या बढ़ने पर इसे तहसील स्थित गिल पब्लिक लाइब्रेरी में स्थानांतरित किया गया तत्पश्चात इसे सन 1944 में अंग्रेजी मिडिल, 1949 में हाई स्कूल तथा 1950 में इण्टरमीडिएट स्कूल की मान्यता प्राप्त हो गयी। बाद में 1958 में यह विद्यालय अपने नवनिर्मित भवन में स्थानान्तरित होकर आ गया। इस विद्यालय से निकलकर न जाने कितने डॉक्टर, इंजीनियर, राजनेता, शिक्षक आदि विभिन्न क्षेत्रों में लोग देश की सेवा कर रहे हैं। यहाँ तक कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति मो० हामिद अंसारी भी इंटर कालेज के छात्र रह चुके हैं जो कि गौरव की ...

ब्रह्मेश्वर मुखिया : एक अनकही दास्ताँ

ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ बरमेसर मुखिया बिहार या यूँ कहें भारतवर्ष के किसान नेताओं की सूची में सर्वोपरि नाम है। श्री बरमेसर मुखिया बिहार के भोजपुर जिले के खोपिरा गाँव के निवासी थे। 90 के दशक में बिहार में नक्सलियों का आतंक बहुत बढ़ गया था। लगभग पाँच हजार बीघा जमीन नक्सलियों के कारण परती पड़ी रहती थी। क्रूर नक्सली, मजदूरों और किसानों को बलपूर्वक खेतों में काम करने से रोक देते थे इसके अलावा किसानों की फसलें भी लूट ली जाती थीं और उन्हें आग के हवाले कर दिया जाता था तथा नक्सली किसानों के शादी-विवाह जैसे समारोहों में भी बाधा डालते थे। जब नक्सलियों का आतंक चरम पर पहुँच गया तब जमींदारों ने मातृभूमि की रक्षा करने के लिए बरमेसर मुखिया के नेतृत्व में भोजपुर के ही बेलउर गाँव में सितम्बर 1994 में एकजुट होकर रणबीर सेना नामक संगठन का का निर्माण किया। रणबीर सेना का मुख्य उद्देश्य नक्सलियों का खात्मा करना था। रणबीर सेना के लोगों ने गाँव-गाँव जाकर किसानों को नक्सलियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। इस कार्य में मुखिया जी के प्रमुख सहयोगी प्रो. देवेन्द्र सिंह, मुखिया अवधेश कुमार सिंह...