Skip to main content

कहानी सेमरा की

एशिया की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत शेरपुर आज गंगा कटान से बुरी तरह त्रस्त है। शहीदों की ये धरती आज अपने अस्तित्व के लिए हर क्षण संघर्ष कर रही है। शेरपुर ग्राम पंचायत के सेमरा व शिव राय का पुरा गाँव का अस्तित्व लगभग खत्म होने की कगार पर है। लगभग 10000 की आबादी वाले सेमरा गाँव की हजारों एकड़ भूमि व सैकड़ों घर गंगा में विलीन हो चुके हैं शिव राय का पुरा में तो दो-चार घर ही बचे हैं वहीं सेमरा का भी आधा से ज्यादा भाग बह चुका है।

सेमरा की हालत ऐसी है कि आप कभी कल्पना भी नहीं कर सकते। कटान में घर गिरने के बाद जिनके पास जमीन बची थी उन्होंने तो जैसे तैसे झुग्गी झोपड़ी डालकर अपने रहने की व्यवस्था कर ली, जिनके पास पैसे थे और जमीन नहीं थी वो दूसरे गाँवों में जमीन खरीदकर बस गये लेकिन उन बेसहारों का क्या जिनके पास न तो जमीन है और न पैसे हैं आज पाँच सालों से ऐसे लोग दर-बदर की ठोकरें खा रहे हैं। कभी सेमरा के प्राथमिक विद्यालय में, कभी पूर्व माध्यमिक विद्यालय में, कभी इंटर कालेज मुहम्मदाबाद में, कभी अनाज मंडी मुहम्मदाबाद में, कभी प्राथमिक विद्यालय मुहम्मदाबाद में तो कभी सड़कों और परती में टेंट डालकर ऐसे लोग किसी अंधेरी रात की तरह अपनी जिंदगी काट रहे हैं। इधर बरसात का मौसम सर पर है लेकिन कटान को रोकने के लिए अब तक एक धेला नहीं रखा गया। मुहम्मदाबाद से सेमरा के लिए सड़क पर मुड़ते ही आपको अनुमान लग जायेगा कि ये रास्ता किसी पिछड़े गाँव की तरफ जाता है। जर्जर हो चुकी सड़क पर घुटनों तक के गड्ढों को पार करके जब आप गाँव की सीमा पर आयेंगे तो सड़कों पर टेंट डालकर मुफ़लिसी में जीने वाले गाँव के लोग आपको मिलेंगे आगे बढ़ने पर ये सड़क टूट चुकी है और टूट चुके हैं गाँव के घर भी, टूट चुके हैं गाँव के लोग भी और उनके जीने का उमंग भी अब टूट चुका है। चारों तरफ टूटे हुए घर रो रहे हैं और ऐसा लगता है कि बरसों से इन घरों में कोई नहीं रहता भयंकर उदासी और निराशा का माहौल ऐसा छाया है जैसे कि परिवार के मुखिया की मृत्यु हो गयी हो इस ग़मगीन माहौल में एक गहरी ख़ामोशी है जो किसी पिशाच की भाँति इंसान को निगलने चली आ रही है।



ऐसा नहीं है कि इसकी ख़बर किसीको नहीं है शासन और प्रशासन में बैठे देश और प्रदेश के तमाम रहनुमा सेमरा-शेरपुर की जमीनी हालात से वाकिफ़ हैं। इसकी ख़बर जिलाधिकारी से लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी, संचार व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश की महिला कल्याण एवं पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, प्रदेश के भूमि विकास एवं जल संसाधन मंत्री उपेन्द्र तिवारी, बलिया के भाजपा सांसद भरत सिंह व स्थानीय भाजपा विधायक अलका राय को है। यहाँ तक कि इनमें से कई लोग कई बार सेमरा आ चुके हैं और सेमरा को कटान से बचाने का आश्वासन भी दे चुके हैं जिनमें से मुख्य नाम राजनाथ सिंह, अमित शाह, मनोज सिन्हा, रीता बहुगुणा जोशी आदि लोगों के हैं। मनोज सिन्हा और अमित शाह ने तो गाँव बचाने के लिए गंगा की धारा को मोड़ने की भी बात की थी लेकिन अफसोस कि सत्ता में आते ही सारे वादे भूला दिये गये। गाँव बचाओ आंदोलन के संयोजक प्रेमनाथ गुप्ता ने प्रधानमंत्री को गंगा कटान से बचाव के लिए पत्र लिखा था जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से उप्र के मुख्य सचिव को अग्रसारित भी किया गया था लेकिन शायद वो पत्र अपनी दिशा ही भटक गया।


     style="display:block"
     data-ad-client="ca-pub-2116046723162282"
     data-ad-slot="9922469515"
     data-ad-format="auto">


आप सोच सकते हैं कि एक तरफ सत्ता में शीर्ष पर बैठे ये नेतागण हैं तो दूसरी तरफ एक ऐतिहासिक गाँव है जिसने देश के लिए अपने आठ बेटों की कुर्बानी दी थी। क्या सरकार इतनी बेबस हो गयी है कि इस गाँव को कटान से नहीं बचा सकती? जी नहीं हक़ीकत तो ये है कि सरकार इस गाँव को बचाना ही नहीं चाहती क्योंकि सरकार के पास लाखों काम हैं वो दस-बीस हजार लोगों के बारे में नहीं सोच सकती। दरअसल सरकार देश को बुलंदियों तक ले जाने में व्यस्त है अपनी विदेश नीति को नये अंजाम तक पहुँचाने में व्यस्त है उसे ऐसे छोटे मोटे गाँवों के बारे में सोचना भी नहीं चाहिए। गाँवों का क्या है ये तो गिरते रहते हैं, लोग बेघर होते रहते हैं, वादे टूटते रहते हैं सरकार को इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ना चाहिए क्योंकि वो सरकार है फिर भी देश के रहनुमाओं को जरा समय मिले तो ईमानदारी से उन्हें अपने किये गये वादों पर सोचना चाहिए।

गाँव के लोग अब तमाम आंदोलनों से थक चुके हैं उनकी जीर्ण-शीर्ण आत्मा कोई आंदोलन करने की स्थिती में भी नहीं है। उन्होंने दशकों से कई आंदोलन किये हैं और कई सरकारों को बनते बिगड़ते देखा है लेकिन हर सरकार ने उन्हें रसगुल्ले का आश्वासन देकर लालीपाप थमा दिया बल्कि इस लिहाज से सपा की सरकार सबसे बेहतर रही जिसने पूरे गाँव के सामने ठोकर बनवाया लेकिन वो ठोकर भी अब गाँववासियों के घरों, उनकी आत्मा की तरह टूट चुका है। गाँव को दरकार है तो बस सरकार से कुछ करोड़ रूपयों की जिससे पुराने ठोकर की मरम्मत हो सके लेकिन राजनीति के धुरंधरों के रूख को देखते हुए ये काम मुश्किल सा लगता है।


गंगा कटान जारी है, प्रलय जारी है, वादों का दौर जारी है, घरों के गिरने का सिलसिला जारी है और हाँ चुनाव भी जारी है। अगले लोकसभा चुनाव में क्या भाजपा के नेता सर उठा कर शेरपुर में आ सकते हैं? शायद नहीं अगर थोड़ी सी भी हया बची हो तो उन्हें अब दूर से ही गाँव को प्रणाम करके चले जाना चाहिए और हाँ इतना याद रखिए हम शेरपुर हैं और शेरपुर किंगमेकर है। हम एक होकर जब चाहे किसी की भी बाजी पलट सकते हैं हार को जीत और जीत को हार में बदलने का खेल हम बरसों से खेलते आ रहे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

काश मैं कुत्ता होता

आज बिरजू रोज की अपेक्षा सुबह जल्दी उठ गया था। जल्दी जल्दी गईयों की सानी-पानी करके नित्यक्रिया से निवृत्त होकर वह कमला से बोला, "मेरा कुर्ता, धोती और गमछा संदूक में से निकाल कर रख दो। मैं बस दस मिनट में नहा कर आ रहा हूँ और हाँ सुनो कुछ कलेवा करने के लिए भी जल्दी से तैयार कर देना।" जल्दी जल्दी बाल्टी और लोटा लेकर बिरजू पास के हैंडपंप पर चल पड़ा जिसका प्रयोग सारे मुहल्ले के लोग करते थे। चूँकि आज बिरजू बहुत सुबह आ गया था इसलिए वहाँ ज्यादा भीड़ नहीं थी वरना रोज तो नहाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था उस पर भी पीछे से लोग चिल्लाते रहते थे जिसके कारण नहाना भी सही से नहीं होता था। आज का दिन अच्छा था हैंडपंप के आस पास बस दो-तीन लोग दातुन कर रहे थे और एक-दो लोग शौचादि के पश्चात हाथ पैर धो रहे थे। बिरजू ने जल्दी जल्दी बाल्टी भरी और कुर्ता खोलकर उसकी जेब से साबुन निकाला। जब भी किसी रिश्तेदारी में या किसी विशेष कार्यक्रम में जाना होता तो वह अपने आप को खूब सँवारने की कोशिश करता। साबुन लगा-लगाकर अपने शरीर को चमकाने का प्रयास करता और अपनी फटी एड़ियों को रगड़-रगड़कर चिकना बनाने का...

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद - एक गौरवशाली इतिहास

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद  अपने आप में एक भव्य व गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है। इसे गाज़ीपुर के सबसे प्राचीनतम और प्रतिष्ठित विद्यालयों में से एक माना जाता है। आसपास के क्षेत्रों में यह विद्यालय बड़का स्कूल के नाम से भी मशहूर है। यह विद्यालय अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूरा कर चुका है 9 जुलाई, 1937 को इस विद्या मन्दिर की शुरूआत हुई थी। इस विद्यालय की स्थापना शेरपुर निवासी चौधरी हरिनारायण राय ने की थी। प्रारम्भ में विद्यालय आर्य समाज मन्दिर में मिडिल स्कूल के रूप में चलता था बाद में छात्रों की संख्या बढ़ने पर इसे तहसील स्थित गिल पब्लिक लाइब्रेरी में स्थानांतरित किया गया तत्पश्चात इसे सन 1944 में अंग्रेजी मिडिल, 1949 में हाई स्कूल तथा 1950 में इण्टरमीडिएट स्कूल की मान्यता प्राप्त हो गयी। बाद में 1958 में यह विद्यालय अपने नवनिर्मित भवन में स्थानान्तरित होकर आ गया। इस विद्यालय से निकलकर न जाने कितने डॉक्टर, इंजीनियर, राजनेता, शिक्षक आदि विभिन्न क्षेत्रों में लोग देश की सेवा कर रहे हैं। यहाँ तक कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति मो० हामिद अंसारी भी इंटर कालेज के छात्र रह चुके हैं जो कि गौरव की ...

ब्रह्मेश्वर मुखिया : एक अनकही दास्ताँ

ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ बरमेसर मुखिया बिहार या यूँ कहें भारतवर्ष के किसान नेताओं की सूची में सर्वोपरि नाम है। श्री बरमेसर मुखिया बिहार के भोजपुर जिले के खोपिरा गाँव के निवासी थे। 90 के दशक में बिहार में नक्सलियों का आतंक बहुत बढ़ गया था। लगभग पाँच हजार बीघा जमीन नक्सलियों के कारण परती पड़ी रहती थी। क्रूर नक्सली, मजदूरों और किसानों को बलपूर्वक खेतों में काम करने से रोक देते थे इसके अलावा किसानों की फसलें भी लूट ली जाती थीं और उन्हें आग के हवाले कर दिया जाता था तथा नक्सली किसानों के शादी-विवाह जैसे समारोहों में भी बाधा डालते थे। जब नक्सलियों का आतंक चरम पर पहुँच गया तब जमींदारों ने मातृभूमि की रक्षा करने के लिए बरमेसर मुखिया के नेतृत्व में भोजपुर के ही बेलउर गाँव में सितम्बर 1994 में एकजुट होकर रणबीर सेना नामक संगठन का का निर्माण किया। रणबीर सेना का मुख्य उद्देश्य नक्सलियों का खात्मा करना था। रणबीर सेना के लोगों ने गाँव-गाँव जाकर किसानों को नक्सलियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। इस कार्य में मुखिया जी के प्रमुख सहयोगी प्रो. देवेन्द्र सिंह, मुखिया अवधेश कुमार सिंह...