तुमसे बात किये हुए न जाने कितने दिन गुजर गये। ऐसा लगता है जैसे तुमसे बात किये एक उम्र ही गुजर गयी और मेरी लाचारी तो देखो कि मैं तुमसे बात भी नहीं कर सकता पता नहीं ये दिन कब आयेगा।
तुम्हारी याद में मैंने अनगिनत रातें जाग कर गुजारी है अगर इतनी रातें मैंने पढ़ते हुए गुजारी होती तो कम से कम क्लर्क तो होता ही खैर शायद किस्मत में कुछ और भी अच्छा लिखा हो।
तुम भी तो कितनी पत्थर हो ना, जरा सा एक मिनट मुझसे बात कर लोगी तो पहाड़ थोड़े टूट जायेगा मगर जिद्दी भी कितनी हो तुम, मेरी फिकर करती हो, मेरे बारे में जानना चाहती हो मगर मुझे कुछ और ही दिखाती हो शायद तुम्हारा और मेरा रिश्ता दुनिया के हर रिश्ते से खूबसूरत है जिसे कोई नाम भी नहीं दिया जा सकता।
सच कहता हूँ तुम्हारी कमी बहुत महसूस होती है तुम्हारे बिना मेरी दुनिया वीरान है। मैं तुम्हारा इंतजार आज भी करता हूँ और हमेशा करूँगा मैं तुम्हें यकीन दिलाता हूँ कि मैं हमेशा तुम्हें उतना ही प्यार करूँगा जितना आज करता हूँ। तुम बुढ़ी हो जाओगी, तुम्हारे बाल सफेद हो जायेंगे, सब दाँत टूट गये होंगे, चेहरे पर झुर्रियाँ पड़ गयी होंगी, नाती-पोते बड़े हो गये होंगे मेरा भी हाल कुछ ऐसा ही हो चुका होगा मैं बुढ़ापे के कारण झुक जाऊँगा, सहारे के लिए लाठी लेकर चलना पड़ेगा फिर भी तब तक मैं तुम्हारा इंतजार करूँगा और मेरी जान...तब भी मैं तुम्हें इतना ही प्यार करूँगा। मैंने तुमसे सच्चा प्यार किया है और सिर्फ इसी जनम में नहीं बल्कि अगले सभी जनमों में मैं तुमसे ही बेपनाह महोब्बत करूँगा सिर्फ तुमसे...!

Comments
Post a Comment