Skip to main content

माँ



माँ आज तुम्हारी बहुत याद आ रही है। दो तीन दिनों से तबीयत कुछ ठीक नहीं है सर्दी और खाँसी के साथ थोड़ा बुखार भी है रूममेट भी घर चला गया है ऐसे में न तो खाने का मन करता है और न ही बनाने का मन करता है बाहर का खाना तो वैसे भी खाने लायक नहीं है। वैसे चिंता की कोई बात नहीं है जरा सा मौसमी बुखार है और दवा से आराम भी है मगर तुम्हारी याद इन दिनों बहुत आती है। अगर मैं घर पर होता, मेरे पास तुम होती तो क्या होता तुम तो जरा जरा सी बात पर घबरा जाती हो। फोन से तो बात रोज ही होती है मगर मैंने तुम्हें बताया नहीं कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है, ये सोचकर कि शायद तुम बहुत घबरा जाओगी अगर मैं तुम्हारे पास होता तो सारे काम छोड़कर मेरी देखभाल में लग जाती, घरेलू उपचार के साथ साथ तुरंत डॉक्टर को बुला देती। ये कहने पर कि जरा सा बुखार तो है डाँट कर मुझे चुप करा देती, सर पर तेल मालिश करती और ज्यादा वक़्त मेरे पास ही बैठकर गुजारती। क्या खाने का मन कर रहा है, क्या खाना फायदेमंद रहेगा इन सबके साथ साथ और भी छोटी से छोटी बातों का खयाल रखती।


     style="display:block"
     data-ad-client="ca-pub-2116046723162282"
     data-ad-slot="5385191222"
     data-ad-format="auto">


आज से कुछ साल पहले तक लगभग हर साल एक बार गर्मी में मुझे बुखार आ जाता था। मुझे याद है मेरा पूरा शरीर जलता रहता और तुम सारी सारी रात मेरे ही पास बैठकर गुजार देती और वैसे मैं भी तो तुम्हें खोजता रहता बीमार होते ही तुम्हें बुलाकर अपने पास बैठा लेता शायद तुम ही मेरी दवा थी। कभी झटके से नींद खुली तो सबसे पहले मैं यही देखता था कि तुम मेरे पास तो हो ना और फिर ताकत मिलती कि मेरे पास तो माँ बैठी ही है और तुम भी सारी रात कपड़ा भिगोकर सर पर रखती और उतारती रहती। क्या तुम्हें नींद नहीं आती थी या फिर मेरे सो लेने से ही तुम्हारी नींद पूरी हो जाती थी क्योंकि मेरी तो जब नींद खुलती थी मैं हमेशा तुम्हें जागते हुए ही पाता था और जब तुम बीमार पड़ती हो तो क्या मैं तुम्हारे लिए उतना कर पाता हूँ जितना तुम मेरे लिए करती हो। नहीं बिल्कुल नहीं अगर मैं तुम्हारे किये का एक चौथाई भी कर पाता तो अपने आप को धन्य समझता। जब तुमको बुखार आता है तो क्या मैं सारी रात तुम्हारे पास बैठा रह पाता हूँ। नहीं बिल्कुल नहीं शायद मैं खुदगर्ज हूँ हाँ मैं खुदगर्ज ही हूँ। तुम बहुत महान हो माँ बहुत से भी बहुत। मैं तो तुम्हारे पैरों की धूल के बराबर भी कभी नहीं था और ना ही कभी हो पाऊँगा पर तमन्ना जरूर है कि तुम्हें कभी ठेस ना पहुँचाऊँ, हमेशा तुम्हें खुश रख सकूँ ताकि मुझे कभी अफसोस ना करना पड़े कि मैंने माँ को दुःख पहुँचाया। बस यही आशीर्वाद दो माँ कि तुम्हारा बेटा कुछ बने ना बने मगर एक अच्छा बेटा जरूर बन सके। तुम्हारे लिए लिखने को तो बहुत कुछ है माँ बाकी की बातें फिर कभी जरूर लिखूँगा।

Comments

Popular posts from this blog

काश मैं कुत्ता होता

आज बिरजू रोज की अपेक्षा सुबह जल्दी उठ गया था। जल्दी जल्दी गईयों की सानी-पानी करके नित्यक्रिया से निवृत्त होकर वह कमला से बोला, "मेरा कुर्ता, धोती और गमछा संदूक में से निकाल कर रख दो। मैं बस दस मिनट में नहा कर आ रहा हूँ और हाँ सुनो कुछ कलेवा करने के लिए भी जल्दी से तैयार कर देना।" जल्दी जल्दी बाल्टी और लोटा लेकर बिरजू पास के हैंडपंप पर चल पड़ा जिसका प्रयोग सारे मुहल्ले के लोग करते थे। चूँकि आज बिरजू बहुत सुबह आ गया था इसलिए वहाँ ज्यादा भीड़ नहीं थी वरना रोज तो नहाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था उस पर भी पीछे से लोग चिल्लाते रहते थे जिसके कारण नहाना भी सही से नहीं होता था। आज का दिन अच्छा था हैंडपंप के आस पास बस दो-तीन लोग दातुन कर रहे थे और एक-दो लोग शौचादि के पश्चात हाथ पैर धो रहे थे। बिरजू ने जल्दी जल्दी बाल्टी भरी और कुर्ता खोलकर उसकी जेब से साबुन निकाला। जब भी किसी रिश्तेदारी में या किसी विशेष कार्यक्रम में जाना होता तो वह अपने आप को खूब सँवारने की कोशिश करता। साबुन लगा-लगाकर अपने शरीर को चमकाने का प्रयास करता और अपनी फटी एड़ियों को रगड़-रगड़कर चिकना बनाने का...

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद - एक गौरवशाली इतिहास

इंटर कालेज मुहम्मदाबाद  अपने आप में एक भव्य व गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है। इसे गाज़ीपुर के सबसे प्राचीनतम और प्रतिष्ठित विद्यालयों में से एक माना जाता है। आसपास के क्षेत्रों में यह विद्यालय बड़का स्कूल के नाम से भी मशहूर है। यह विद्यालय अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूरा कर चुका है 9 जुलाई, 1937 को इस विद्या मन्दिर की शुरूआत हुई थी। इस विद्यालय की स्थापना शेरपुर निवासी चौधरी हरिनारायण राय ने की थी। प्रारम्भ में विद्यालय आर्य समाज मन्दिर में मिडिल स्कूल के रूप में चलता था बाद में छात्रों की संख्या बढ़ने पर इसे तहसील स्थित गिल पब्लिक लाइब्रेरी में स्थानांतरित किया गया तत्पश्चात इसे सन 1944 में अंग्रेजी मिडिल, 1949 में हाई स्कूल तथा 1950 में इण्टरमीडिएट स्कूल की मान्यता प्राप्त हो गयी। बाद में 1958 में यह विद्यालय अपने नवनिर्मित भवन में स्थानान्तरित होकर आ गया। इस विद्यालय से निकलकर न जाने कितने डॉक्टर, इंजीनियर, राजनेता, शिक्षक आदि विभिन्न क्षेत्रों में लोग देश की सेवा कर रहे हैं। यहाँ तक कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति मो० हामिद अंसारी भी इंटर कालेज के छात्र रह चुके हैं जो कि गौरव की ...

ब्रह्मेश्वर मुखिया : एक अनकही दास्ताँ

ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ बरमेसर मुखिया बिहार या यूँ कहें भारतवर्ष के किसान नेताओं की सूची में सर्वोपरि नाम है। श्री बरमेसर मुखिया बिहार के भोजपुर जिले के खोपिरा गाँव के निवासी थे। 90 के दशक में बिहार में नक्सलियों का आतंक बहुत बढ़ गया था। लगभग पाँच हजार बीघा जमीन नक्सलियों के कारण परती पड़ी रहती थी। क्रूर नक्सली, मजदूरों और किसानों को बलपूर्वक खेतों में काम करने से रोक देते थे इसके अलावा किसानों की फसलें भी लूट ली जाती थीं और उन्हें आग के हवाले कर दिया जाता था तथा नक्सली किसानों के शादी-विवाह जैसे समारोहों में भी बाधा डालते थे। जब नक्सलियों का आतंक चरम पर पहुँच गया तब जमींदारों ने मातृभूमि की रक्षा करने के लिए बरमेसर मुखिया के नेतृत्व में भोजपुर के ही बेलउर गाँव में सितम्बर 1994 में एकजुट होकर रणबीर सेना नामक संगठन का का निर्माण किया। रणबीर सेना का मुख्य उद्देश्य नक्सलियों का खात्मा करना था। रणबीर सेना के लोगों ने गाँव-गाँव जाकर किसानों को नक्सलियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। इस कार्य में मुखिया जी के प्रमुख सहयोगी प्रो. देवेन्द्र सिंह, मुखिया अवधेश कुमार सिंह...